कैथल। आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया जारी है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा विद्यार्थियों को खाली सीटों पर दाखिले के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। अभी तक सरकारी संस्थानों में जहां करीब 10 प्रतिशत सीटें खाली पड़ी हैं, वहीं निजी संस्थानों में खाली सीटें 30 प्रतिशत से भी ज्यादा हैं।
इन सीटों को भरने के लिए विद्यार्थियों के मौके पर ही दाखिले किए जा रहे हैं। विद्यार्थी पहले विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं और उसके बाद मेरिट कार्ड डाउनलोड कर मौके पर दस्तावेजों की जांच करवाकर दाखिला ले रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कैथल की राजकीय आईटीआई में अभी तक 1240 में से करीब 50 सीटें विभिन्न ट्रेडों में खाली हैं। वहीं महिला आईटीआई में भी 400 में से करीब 50 सीटें खाली हैं। बार-बार नई सूची जारी होने के बावजूद इन सीटों अभी तक दाखिले नहीं हुए हैं। आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी सतीश मच्छाल ने बताया कि संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया जारी है। खाली सीटों पर दाखिले के लिए विभाग ने विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी निर्धारित औपचारिकताओं को पूरा कर मौके पर दाखिला ले सकते हैं।