कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है जो 26 जुलाई तक चलेगी। महाविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक छात्राओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। छात्राएं ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा महाविद्यालय परिसर में पहुंचकर भी नि:शुल्क प्रवेश आवेदन पत्र भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने बताया कि नए सत्र में एमए अंग्रेजी, एमए अर्थशास्त्र, एमकॉम और एमएससी गणित पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षण सुविधाएं, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ छात्राओं को एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी भाग लेने के व्यापक अवसर मिलते हैं जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है। प्राचार्या ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा।
पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर, 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्र, स्नातक की अंकतालिका और डिग्री, फैमिली आईडी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, चरित्र प्रमाणपत्र, माइग्रेशन प्रमाणपत्र, हरियाणा डोमिसाइल, ट्रांसफर सर्टिफिकेट और आवश्यकता अनुसार गैप ईयर, जाति प्रमाणपत्र, एनसीसी, एनएसएस और खेल प्रमाणपत्र शामिल हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश सुनिश्चित कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम बढ़ाएं।