संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए विभाग की ओर से किए गए प्रयासों के बावजूद जिले की राजकीय आईटीआई में सभी सीटें नहीं भर पाईं। जिले की नौ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में कुल 3044 सीटें थीं। इनमें से 2672 पर ही दाखिले हुए, जबकि 372 सीटें खाली रह गईं। इस तरह करीब 12 प्रतिशत सीटों पर दाखिला नहीं हो सका। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने जुलाई में दाखिला प्रक्रिया शुरू की थी। इसके बाद कई चरणों में दाखिले के अवसर दिए गए। अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए अलग-अलग समय पर दाखिले का कार्यक्रम भी जारी किया गया। इसके बावजूद सीटें खाली रह गईं। निदेशालय की ओर से एससीवीटी (राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद) योजना के तहत भी दाखिले का अवसर दिया गया था। इसकी अंतिम तिथि 20 नवंबर को समाप्त हो गई। इसके साथ ही दाखिला प्रक्रिया पूरी हो गई।
रोजगार देने वाले ट्रेडों में युवाओं की अधिक रुचि
जिले की 10 निजी आईटीआई में कुछ लोकप्रिय ट्रेडों की सभी सीटें भर चुकी हैं। इनमें इलेक्ट्रीशियन और कोपा (कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग सहायक) जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। संस्थानों से जुड़े जानकारों के अनुसार, युवा उन ट्रेडों को अधिक पसंद कर रहे हैं, जिनकी उद्योगों में मांग है और रोजगार के अवसर बेहतर हैं। वहीं, कम मांग वाले ट्रेडों में सीटें खाली रह गई हैं।
आधुनिक मशीनों से दिया जा रहा प्रशिक्षण
राजकीय आईटीआई कैथल के प्राचार्य जगमोहन ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों और तकनीकों से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अलग-अलग ट्रेडों के माध्यम से युवाओं का तकनीकी कौशल निखारा जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को हुनरमंद बनाने के साथ सरकारी और निजी संस्थानों में रोजगार के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि एससीवीटी योजना के तहत दाखिले की अंतिम तिथि 20 नवंबर को समाप्त हो चुकी है।
आईटीआई - सीटें - खाली
राजकीय आईटीआई कैथल- 944-91
राजकीय महिला आईटीआई कैथल- 256- 42
राजकीय आईटीआई कलायत- 500- 63
राजकीय आईटीआई राजौंद- 308- 71
राजकीय आईटीआई गुहणा- 68- 1
राजकीय आईटीआई गुहला चीका- 244- 12
राजकीय आईटीआई पूंडरी- 344- 43
राजकीय आईटीआई महिला पूंडरी- 136- 17
राजकीय आईटीआई पबनावा- 244- 32