कैथल। डीसी प्रशांत पंवार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में बारिश के सीजन को लेकर ड्रेनों, नालों व सीवरेज व्यवस्था के संदर्भ में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
इस मौके पर डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि कुछ ही दिनों में मानसून सीजन शुरू होने वाला है। सभी अधिकारी अपने विभाग व क्षेत्र से संबंधित ड्रेनों, नालों व सीवरेज की सफाई 30 जून से पहले करवाना सुनिश्चित करें, ताकि बरसाती पानी की निकासी सही प्रकार से हो सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी ने ग्योंग ड्रेन विषय पर गंभीरता से चर्चा की और सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को इसी ड्रेन के संदर्भ में सख्त निर्देश देते हुए कहा कि काॅलोनियों के अनुसार योजना प्लान तैयार करें और पूरी जानकारी इकट़्ठा करें। जहां पर एसटीपी लगाने की जरूरत हैं, उसकी रिपोर्ट तैयार करें और आगामी बैठक में प्रस्तुत करें। उन्होंने प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित विभागों को नोटिस जारी करें, ताकि ड्रेनों में डाले जाने वाले कालोनियों व गांवों के गंदे पानी पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पानी की निकासी के लिए उचित कदम उठाएं।
उन्होंने ग्योंग ड्रेन में सफाई की ड्रोन के माध्यम से पूरी फोटोग्राफी करवाने के निर्देश भी जारी किए। डीसी ने सभी खंडों के बीडीपीओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित बारिश के दौरान प्रभावित होने वाले स्थानों को चिन्हित करें और उनकी रिपोर्ट तैयार कर डीसी कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। इन गांवों के नालों की सफाई करवाना सुनिश्चित करें, ताकि बरसात के मौसम में जल भराव की स्थिति पैदा नहीं हो। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विशेषकर जन स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद, नगर पालिकाएं व अन्य संबंधित विभाग पूरे तालमेल से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कार्य करें। इस मौके पर अधिकारियों ने अब तक किए गए कार्यों के बारे में डीसी को अवगत करवाया। इस मौके पर एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, सत्यवान सिंह मान, कृष्ण कुमार, डीडीपीओ कंवर दमन, ईओ कुलदीप मलिक, कार्यकारी अभियंता प्रशांत ग्रोवर, निशांत बत्तान, दिग्विजय सिंह, योगेश, नारायण दत्त, वरुण कंसल, प्रशांत कुमार, सभी बीडीपीओ के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।