संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। अग्रवाल धर्मशाला चीका की प्रबंधक कमेटी के होने वाले चुनाव पर रोक लगाए जाने के बाद एडहॉक कमेटी ने पदभार संभाल लिया है। निवर्तमान प्रधान कस्तूरी लाल गर्ग ने एडहॉक कमेटी के सदस्य कुलवंत राय गोयल, कर्मचंद व मुन्नी लाल को प्रभार सौंपा।
कस्तूरी लाल ने बताया कि वे सात बार अग्रवाल धर्मशाला के प्रधान रहे हैं और अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने समाज के लोगों के सहयोग से धर्मशाला प्रांगण में एक भव्य महाराजा अग्रसेन पीठ का निर्माण करवाने के साथ धर्मशाला का जीर्णोंद्धार भी करवाया है। कस्तूरी लाल ने कहा कि यह शहर की सबसे सुंदर धर्मशाला है और 36 बिरादरी के लोगों के काम आ रही है। जिन सदस्यों के चुनाव में भाग लेने को लेकर एतराज उठाया गया है वे सभी समाज के लोगों की आपसी सहमति से बनाए गए थे।
सहमति से बनाए गए सदस्यों पर एतराज कर चुनाव पर रोक लगाने की अनुमति लेना समाज हित में नहीं हो सकता। विरोधी पक्ष को चुनाव से पहले ही अपनी हार नजर आने लगी थी, तभी उसने चुनाव पर रोक लगवाने जैसा कदम उठाया है। एडहॉक कमेटी के सदस्य कुलवंत राय गोयल, कर्मचंद व मुन्नी लाल ने कहा कि जल्द बैठक कर चुनाव करवाने का निर्णय लिया जाएगा।