संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पीडल में सोमवार को नशा मुक्ति पखवाड़े के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य सुखविंद्र सिंह ने विद्यार्थियों व आम जन को नशे के दुष्प्रभावों पर कहा कि नशा ऐसी बुराई है, जो हमारे समूल जीवन को नष्ट कर देती है।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर नशा मुक्ति रैली के लिए रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य ग्राम वासियों व आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम के खंड प्रभारी बूटा सिंह ने बच्चों को नशा मुक्ति को लेकर संकल्प दिलाया
उन्होंने कहा कि नशे की बुराई को मिटाने के लिए समाज को इसके प्रति दूसरों को जागरूक करने के साथ-साथ स्वयं को नशे के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो व विद्यालय शिक्षा विभाग कि संयुक्त तत्वावधान में इस नशा मुक्ति कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत करवाना है। कार्यक्रम में अध्यापकों व विद्यार्थियों ने नशे से मुक्ति की शपथ ली।
छात्रों को शपथ दिलाते हुए शिक्षक व खंड प्रभारी ने बच्चों को नशा से होने वाले दुष्परिणाम एवं बीमारियों के बारे में बताते हुए कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन से पीड़ित व्यक्ति को पारिवारिक एवं सामाजिक अलगाव और लोगों की उपेक्षा का सामना करना पड़ता है। पुलिस प्रशासन कैथल की तरफ से कार्यक्रम में मौजूद सुनील संधू ने विद्यार्थियों को बताया कि वे लोग मंच से बताई गई बातों को घर में अपने बड़ों से साझा करें।
उन्होंने कहा कि उनके आस-पड़ोस में अगर कोई व्यक्ति नशे का आदि है, और वह नशे से निजात पाना चाहता है तो वह जिला नागरिक अस्पताल कैथल में बिना कोई शुल्क दिए नशे की लत से छुटकारा पा सकता है। इसी कार्यक्रम की निरंतरता में विद्यालय में विद्यार्थियों को आज कल लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण के बारे में विद्यार्थियों को जागृत किया।
बूटा सिंह ने बताया कि पराली प्रबंधन के लिए सरकार से सहायता प्राप्त कृषि उपकरणों का उपयोग कर फसल अवशेष को जमीन के अंदर जोतकर ही किया जा सकता। इससे न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है बल्कि वायु प्रदूषण को भी कम किया जा जा सकता है।
इस अवसर पर मोहन लाल, बीरबल सिंह रंगा, सोनिया क्लर्क, बलबीर सिंह, रोशन लाल, नच्छतर सिंह, पूनम मेहता, संजय तंवर , रितु, सुशीला,पूनम भाटिया, सुनीता, राजवीर कौर, विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।
युवाओं को किया जागरूक
कैथल। नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के तहत पुलिस ने गांव पीडल, गोहरां, खेड़ी गुलाम अली, पहाड़पुर, अगौंध, खरकां, समाधा व सीवन में युवाओं को नशे से दूर रहने व खेलों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया।
डीएसपी गुहला कुलदीप बेनीवाल ने कहा कि पुलिस टीम की ओर से आमजन को नशा न करने के बारे में जागरूक किया गया। नशा न करने की शपथ भी दिलाई गई। डीएसपी ने आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि सभी नशा मुक्त भारत अभियान में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों की सूचना डायल 112 पर पुलिस विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। संवाद