संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गणतंत्र दिवस की तैयारियां जिले में जोरों पर हैं। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया।
निरीक्षण के दौरान एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और साज-सज्जा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। स्टेज की रंगाई-पुताई और पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी नगर निगम व संबंधित विभाग को सौंपी गई है।
उन्होंने परेड टुकड़ियों के अभ्यास और अनुशासन को लेकर पुलिस अधिकारियों से चर्चा की तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन और उनकी रिहर्सल की समीक्षा की। एडीसी ने बच्चों को बेहतर अभ्यास कराने पर विशेष बल दिया। इस मौके पर सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीडीए डॉ. सुरेंद्र यादव, नगर परिषद सचिव पवन शर्मा, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गोपाल वैध, अमित कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी ः डॉ. सुशील
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि मुख्य अतिथि, गणमान्य नागरिकों और आम जनता के लिए उचित टेंट व बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस एक गौरवशाली राष्ट्रीय उत्सव है और इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बिजली विभाग को कार्यक्रम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस व मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि आकर्षक, संदेशप्रद और भव्य झांकियां तैयार कर उन्हें निर्धारित समय और स्थल पर लाइन-अप किया जाए।