कैथल। अफीम तस्करी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अफीम मंगवाने वाले एक और आरोपी को काबू कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि 11 जनवरी को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एएसआई राममेहर की टीम ने सूचना के आधार पर ढांड से कौल रोड पर गांव चंदलाना के समीप एनएच-152डी पुल के पास दबिश देकर बिहार के जिला गया निवासी राजीव रंजन को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से 704 ग्राम अफीम बरामद की गई थी।इस संबंध में थाना ढांड में मामला दर्ज कर आगामी जांच एएसआई तरसेम कुमार को सौंपी गई थी। पुलिस ने राजीव रंजन का सात दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि बरामद अफीम में से कुछ अफीम हिसार बरवाला निवासी सचिन ने मंगवाई थी। जांच के आधार पर एएसआई तरसेम कुमार की टीम ने हिसार जिले के बरवाला निवासी आरोपी सचिन को भी गिरफ्तार कर लिया। ढांड क्षेत्र से नशा तस्कर गिरफ्तार
कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने ढांड क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 247 ग्राम चरस/सुल्फा बरामद की है। आरोपी की पहचान बोहला खालसा, जिला करनाल निवासी राजपाल नाथ के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसमेर की टीम सोमवार रात्रि गश्त के दौरान गांव साकरा-माजरा रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति निगदू वाली सड़क पर पैदल जा रहा है और उसके पास नशीला पदार्थ सुल्फा (चरस) है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना ढांड में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। संवाद
शराब तस्करी के चार आरोपी काबू
कैथल। शराब तस्करी के मामलों में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 80 बोतल शराब बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि सोमवार शाम डोगरा गेट, कैथल पर दुकान से अरविंद्र सिंह को 11 बोतल अंग्रेजी शराब और 23 बोतल देसी शराब के साथ पकड़ा। सिलाखेड़ा निवासी मूलचंद को दुकान में रखी गत्ता पेटियों से 22 पव्वे और 16 बोतल देसी शराब सहित गिरफ्तार किया गया। दुकान पर क्योड़क निवासी रामप्रताप उर्फ पप्पू को काबू कर 17 बोतल देसी शराब बरामद की। गांव भूना निवासी रामस्वरूप को उसके घर से 7.5 बोतल हथकढ़ी शराब सहित पकड़ा गया। संवाद