संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर लाइसेंसी असलहा जमा करवाने के लिए कलायत थाना क्षेत्र में विशेष कार्ययोजना को धरातल पर उतारा गया है। इसके तहत पुलिस जांच अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में डोर टू डोर अभियान चलाकर लाइसेंसी असलहाधारियों से सुरक्षा एवं व्यवस्था की दृष्टि से असलहा जमा करवाने की अपील कर रहे हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि न किया तो कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्य में नगर पालिका, जिला परिषद, ब्लॉक समिति, ग्राम सदस्योंं, नंबरदारों व अन्य से सहयोग की अपील की जा रही है। जिला पुलिस कप्तान कुमारी उपासना के निर्देश पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास इस कार्य निरंतर समीक्षा कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कलायत थाना क्षेत्र में कुल 693 लाइसेंसी असलहाधारी हैं। रविवार तक 70 ने ही अपना असलहा जमा करवाया है। ऐसे मेंं पुलिस प्रशासन को इस कार्य पर विशेष फोकस करना पड़ रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियान : कलायत थाना क्षेत्र में लोकसभा चुनाव में अमन-चैन को लेकर प्रशासन बेहद चौकस नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों से विभिन्न सुरक्षा बलों द्वारा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास के साथ मार्च पास्ट करने का क्रम जारी है।सूची अनुसार असलहाधारियों से साधा जा रहा संपर्क
कार्यकारी थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि सुरक्षा एवं व्यवस्था की दृष्टि से असलहा जमा करवाना जरूरी है। इसके मद्देनजर सभी असलहाधारियों से सूची अनुसार संपर्क साधा जा रहा है। बकायदा जन संपर्क अभियान चलाकर इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने की अपील पुलिस जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ कर रहे हैं।