कैथल। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल के ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश शर्मा को संस्कृत और ज्योतिष के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित आचार्य वराहमिहिर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, भोपाल और आदिवासी बालकल्याण एवं संस्कृत शिक्षा समिति, रायसेन, मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। 28-29 नवम्बर 2025 को ब्रह्मर्षि देवराहाबाबा की स्मृति में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं विशिष्ट सम्मान समारोह के दौरान डॉ. शर्मा ने सत्राध्यक्ष के रूप में भी अध्यक्षता की। इस आयोजन में देशभर से लगभग 50 विद्वानों ने शोधपत्रों का वाचन किया।
महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय परिवार में डॉ. शर्मा के इस सम्मान से खुशी और गर्व का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजबीर सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।