कैथल। संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से आचार्य, शास्त्री व डिप्लोमा की परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया गया है। यह विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा विश्वविद्यालय में विभिन्न कोर्सों में प्रवेश के लिए 30 सितंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं।
कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने बताया कि परीक्षा विभाग की ओर से सत्र 2020-21 के आचार्य द्वितीय व चतुर्थ सत्र, शास्त्री द्वितीय व चतुर्थ सत्र, डिप्लोमा द्वितीय व चतुर्थ सत्र व रि-अपियर परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट http://www.mvsu.ac.in पर परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि संस्कृत विश्वविद्यालय में इतिहास, राजनीति, लोक प्रशासन, पाश्चात्य दर्शन, अर्थशास्त्र भूगोल, संगणक में शास्त्री का कोर्स करवाया जा रहा है। वेद, व्याकरण, ज्योतिष, साहित्य, दर्शन, योग, संस्कृत पत्रकारिता, धर्मशास्त्र, पुराण इतिहास, हिंदू अध्ययन में आचार्य की शिक्षा दी जा रही है। डिप्लोमा कोर्स योग, आयुर्वेद, जीवन प्रबंधन(गीता), वेब-डिजाइनिंग इन संस्कृत, भारतीय संस्कृति, संस्कृत पत्रकारिता, ज्योतिष, कर्मकांड, संगणक, वैदिक गणित, लिपि शिक्षण, भाषा शिक्षण, पर्यावरण व वास्तु शास्त्र में करवाया जा रहा है। इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर तक प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।