कैथल। गांव भैणी माजरा निवासी सुभाष को पानी में जहरीला पदार्थ पिलाकर मारने वाले आरोपी पत्नी संतोष व उसके प्रेमी जोगिंद्र को सीआईए टीम ने बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों को हिरासत में देखने के बाद परिजनों ने सुभाष का अंतिम संस्कार कर दिया है।
परिजनों ने बुधवार को आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर करनाल रोड स्थित छोटू राम चौक पर शव रखकर चार घंटे जाम लगाए रखा था। इसके बाद एसपी ने कार्यालय में परिजनों को आश्वासन दिया था कि कल तक आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा। इसके बाद कार्यालय में परिजनों ने एसपी को गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने को कहा था। पोस्टमार्टम करवाकर मृतक का शव गृह में रखवा दिया था। अब मामले की जांच सदर थाना से बदलकर सिविल लाइन थाने में कर दी गई है और मामले में अब धारा 302 भी जोड़ दी गई है। डीएसपी विवेक चौधरी ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है। नियमानुसार कानून कार्रवाई की जाएगी।