संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नशीला पदार्थ सुंघाकर महिला से सोने की चूड़ियां चोरी करने वाले आरोपी को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ कैथल की टीम ने गोहाना से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुरजीत उर्फ गिन्नी निवासी इंदिरा कॉलोनी, रोहतक के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर उसे अदालत में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि सुशीला देवी निवासी जोशियान मोहल्ला ने 22 अक्तूबर की सुबह सोने की चूड़ियां चोरी होने की शिकायत थाना शहर में दर्ज कराई थी। बताया कि बड़ी देवी मंदिर जाते समय शीतल पुरी मंदिर के पास स्कूटर सवार युवक ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका। कागज पर नंबर पूछते समय उसका दूसरा साथी भी आ गया। जैसे ही महिला ने कागज हाथ में लिया, वे चक्कर महसूस करने लगीं और इसी दौरान दोनों ने सोने की चूड़ी उतार लीं।
मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार व एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने की और आरोपी गुरजीत को गोहाना से काबू कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने साथी के साथ कैथल में इस तरह की तीन, जबकि उचाना व टोहाना में एक-एक वारदात सहित कुल पांच वारदात की हैं। आरोपी पर इससे पहले भिवानी, रोहतक, जींद व हिमाचल प्रदेश में कुल आठ मामले दर्ज हैं।