संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। परिवार के सदस्यों पर जायदाद से हिस्सा नहीं देने का आरोप लगा एक व्यक्ति अमरगढ़ गामड़ी में टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। यह देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को नीचे उतारा।
टावर पर चढ़े गांव क्योड़क निवासी महावीर ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य अर्थात चाचा, ताऊ उसे जायदाद से उसका हिस्सा नहीं दे रहे हैं। जब व अपना हिस्सा मांगता है तो उसके साथ मारपीट की जाती है। वह पुलिस को शिकायत भी दे चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उसने मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना एसएचओ से मांग की कि जो लोग उसे जायदाद का हिस्सा नहीं दे रहे, उनके खिलाफ कार्रवाई करवाई जाए। सिविल लाइन थाना की एचएसओ सुनीता ढाका ने कहा कि शिकायत पर क्योड़क चौकी पुलिस को कार्रवाई करने के लिए कहा है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।