संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मोबाइल में इनवेस्टमेंट एप डाउनलोड करवाकर अज्ञात आरोपी ने एक युवती के 36 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शहर की एक कॉलोनी निवासी युवती ने साइबर थाना में शिकायत दी कि 27 दिसंबर को उसके पास सोशल मीडिया व्हाट्सएप पर एक विज्ञापन आया। विज्ञापनदाता ने उससे कहा कि उनकी एक कंपनी है, जो ट्रेडिंग में इनवेस्टमेंट करवाती है। इसमें रुपये इनवेस्ट करके आप मोटा मुनाफा कमा सकते हैं। उसने आरोपी की बातों में आकर ऐलीवर्ल्ड नामक इनवेस्टमेंट एप मोबाइल में डाउनलोड कर ली।
युवती ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में यह भी बताया कि बाद में आरोपी ने उसके बैंक खाते से इनवेस्टमेंट एप के जरिये अलग-अलग समय में 36 लाख रुपये धोखाधड़ीपूर्वक निकलवा लिए। आरोपी ने 27 दिसंबर से लेकर 15 जनवरी तक उसके साथ धोखाधड़ी की। साइबर थाना एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आंच की जा रही है।