थाना ढांड पुलिस तथा खाद्य व आपूर्ति निरीक्षक की टीम द्वारा शाम के समय पबनावा के पास स्थित एक ढाबे पर छापामारी करके ढाबे की आड़ में शराब बेचने व डीजल तेल की कालाबाजारी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 670 लीटर डीजल तथा 15 बोतल शराब बरामद हुई। आरोपी से डीजल की कालाबाजारी करके कमाई गई नकदी बरामद करने के लिए एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि थाना प्रबंधक ढांड सबइंस्पेक्टर रामकुमार की अगुवाई में एसआई शिवचरण की टीम सायंकालीन गश्त दौरान एफसीआई गोदाम ढांड के पास मौजूद थी। वहां पर उनको फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने सूचना दी कि पबनावा गांव के पास स्थित एक ढाबे पर उसका मालिक आने-जाने वाले ट्रकों से सस्ते दाम में डीजल तेल खरीदकर आने जाने वाले विभिन्न वाहन चालकों को मंहगे दामों पर बेचने का धंधा करता है। विभाग के इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार को रेडिंग पार्टी में शामिल करते हुए छापामारी की गई। जहां से ढाबा संचालक अखिलेश निवासी भैया कालोनी ढांड को काबू कर लिया गया। जांच के दौरान उसके ढाबे में ड्रमों से 670 लीटर डीजल तेल तथा 15 बोतल देसी शराब बरामद हुई। थाना ढांड में मामला दर्ज करके आरोपी को सबइंस्पेक्टर शिवचरण द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में उसने कुबूल किया कि उसके निर्माणाधीन चल रहे नेशनल हाइवे पर लगे डंपर चालकों से सस्ते दाम पर डीजल खरीदने के अतिरिक्त पानीपत स्थित रिफाइनरी के एक कर्मचारी से भी उसके तार जुड़े हुए है। उसने कालाबाजारी की मार्फत कमाई गई नकदी अपने यमुनानगर स्थित किराये के कमरे में छिपा रखी है। नकदी बरामदगी के लिए उसका न्यायालय में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है।