गांव सांघन के श्रृंगी ऋषि डेरे के महंत रामभज दास की हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों को सोनीपत पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव मंडोरा पानीपत निवासी मयंक, आशीष व हलालपुर निवासी रोहित के रूप में हुई है। बता दें के आरोपियों ने महंत की पीट पीटकर हत्या की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों और साधुओं ने जाम भी लगाया था। बाद में पता चला था कि महंत ने किसी अन्य साधु को मारने के लिए आरोपियों को सुपारी दी थी, लेकिन पैसे के लेनदेन में विवाद के बाद आरोपियों ने सुपारी देने वाले महंत की हत्या कर दी थी। उस समय पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वारदात में शामिल अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि आरोपियों को सोनीपत पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस आरोपी ने सोनीपत क्षेत्र में भी कई घटनाओं को अंजाम दिया है। कैथल पुलिस द्वारा आरोपी का प्रोटेक्शन वारंट जारी करवाया जाएगा, ताकि पूछताछ कर आगामी कार्रवाई की जा सके।
ये था मामला- सांघन डेरे के 28 वर्षीय महंत रामभज दास को बेलरखां गांव निवासी कुलबीर आश्रम से बुलाकर लेकर गया था। रामभज दास ने आश्रम से जाते समय सेवादारों से बताया था कि वह कैथल जूस पीने के लिए जा रहा है। वह जल्द ही वापस आ जाएगा। रात को करीब 11 बजे महंत पर हमले की सूचना ग्रामीणों को मिली। रामभज दास को सिविल अस्पताल कैथल में दाखिल करवाया गया। जहां से उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।