संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। थाना सीवन क्षेत्र से नाकाबंदी के दौरान नशीली टेबलेट का धंधा करने वाले एक आरोपी को सीआईए-एक पुलिस ने काबू किया है। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 1450 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-एक प्रभारी एसआई पारस की अगुवाई में एएसआई गुरदान सिंह की टीम सायंकालीन गश्त के दौरान लैंडर क्षेत्र में मौजूद थी। वहां पर पुलिस को सूचना मिली कि नागल गांव निवासी प्रताप प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने का धंधा करता है। वह नहर की कच्ची पटड़ी से नशीली गोलियां लेकर गांव लैंडर पीर जादा वाले नहर पुल की तरफ जाएगा। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर थैले लिए आ रहे प्रताप को दबोच लिया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार गुहला बंसी लाल के समक्ष जब उसकी तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे में थैले में रखे पॉलीथिन से 145 स्ट्रीप में 1450 गोलियां बरामद हुई। पूछताछ दौरान आरोपी टैबलेट रखने के संबंध में कोई दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने ये टैबलेट प्रतिबंधित बताई। इस पर आरोपी के खिलाफ थाना सीवन में मामला दर्ज करके सीआईए-एक से मौके पर पहुंचे एएसआई प्रवीन कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नशीली गोलियां सप्लाई करने वाला काबू
कैथल। पुलिस ने नशीली गोलियां सप्लाई करने वाले आरोपी को काबू किया है। इस मामले में थाना गुहला पुलिस के एएसआई विकास की टीम ने जांच करते हुए आरोपी पारुल कालड़ा निवासी माता गेट कैथल को काबू कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 9 अप्रैल 2021 को एंटी नारकोटिक सेल ने अगौंध में एक दुकान पर दबिश देकर आरोपी अगौंध निवासी संजीव कुमार उर्फ संजू को काबू किया गया था। उसके कब्जे में प्रतिबंधित 1020 नशीली गोलियां बरामद हुई थी। थाना गुहला में दर्ज मामले की जांच एएसआई विकास ने अमल में लाई। आरोपी संजीव से खुलासा हुआ था कि उसे ये गोलियां पारुल ने उपलब्ध करवाई थी। पुलिस आगामी जांच कर रही है। संवाद