संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के मामले में आरोपी देवेंद्र को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पेशी के दौरान देवेंद्र के पक्ष में उसके वकील दलीलें रखेंगे। पुलिस ने गत 27 जुलाई को इस मामले में 136 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल की थी, जिसमें आईएसआई एजेंटों से उसकी बातचीत के ठोस सबूत सामने आए थे।
जांच में खुलासा हुआ कि देवेंद्र ने पाकिस्तानी महिला एजेंट के बहकावे में आकर देश से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा की थीं। पुलिस पूछताछ में उसने यह भी कबूला था कि उसकी दी गई जानकारी से देश को नुकसान पहुंच सकता था। चार्जशीट के मुताबिक पाकिस्तानी एजेंटों ने देवेंद्र के लिए वहां रहने और खाने की व्यवस्था भी की थी। भारत लौटने के बाद भी वह वॉट्सएप और स्नैपचैट के जरिये संपर्क में रहा। देवेंद्र के मोबाइलों से मिले डाटा ने उसकी गतिविधियों की पुष्टि की। डीएसपी गुरविंद्र ने बताया कि बुधवार को अदालत में उसे पेश किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी होगी या फिर फिजिकल तौर पर, यह अदालत तय करेगी।