घायल बदमाश कृपाल उर्फ बल्लू अस्पताल में भर्ती। संवाद
गुहला-चीका/ कैथल। गांव बुबकपुर व रत्ताखेड़ा सड़क पर रविवार रात करीब 10 बजे एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ और चोरी-छीनाझपटी के मामलों में भगोड़ा घोषित आरोपी कृपाल उर्फ बल्लू के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी पंजाब के अलीपुर का निवासी है और चोरी और छीनाझपटी के कई मामलों में वांछित था।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर के घुटने में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और इलाज के लिए सीएचसी गुहला लेकर पहुंची।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सरकारी अस्पताल कैथल रेफर कर दिया। मुठभेड़ में आरोपी की ओर से चार फायर किए गए और चार फायर पुलिस की तरफ से हुए। मुठभेड़ से पहले बदमाश जंगल के नजदीक बाइक पर बैठा था।
पुलिस टीम को देखते ही जंगल में भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। जंगल में छिपने की जगह न मिलने के कारण करीब 70 मीटर अंदर जंगल में जाकर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर छीनाझपटी की किसी वारदात की फिराक में जंगल के पास घूम रहा था। उसके कब्जे से असलहा, एक कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एवीटी स्टाफ की टीम सरकारी वाहन में गुहला थाना क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। पुलिस ने रेडिंग पार्टी तैयार की और टीम मौके पर पहुंची। बदमाश पुलिस को देखकर जंगल की तरफ भागने लगा। उसे रुकने के लिए आवाज लगाई गई लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
घायल बदमाश कृपाल उर्फ बल्लू अस्पताल में भर्ती। संवाद