कैथल। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ कैथल ने एक युवक को दो अवैध 315 बोर देशी कट्टों और चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनीपत जिले के मेहमदपुर निवासी नवीन उर्फ पटवारी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और लड़ाई-झगड़े के 10 से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ की टीम अपराध रोकथाम के लिए गांव सांगन बस अड्डे के पास मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जम्मू-कटरा हाईवे पुल के नीचे हरिपुरा-सिनंद रोड पर एक युवक मोटरसाइकिल और पिट्ठू बैग के साथ बैठा है। उसके पास अवैध हथियार और कारतूस हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और बताए गए हुलिए के युवक को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग से 315 बोर के दो देशी कट्टे और चार कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए चार दिन का रिमांड हासिल किया है।