संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर एक युवक से 13 लाख 35 हजार रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने आरोपी गोपालपुर जिला गोरखपुर यूपी निवासी अमन शर्मा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया है। मामले में दो अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव खेड़ी शेरखां निवासी परमजीत की शिकायत के अनुसार वह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए जालंधर के रहने वाले आशा व जगदीश से मुलाकात की। आशा व जगदीश ने कहा कि वे विदेश भेजने का काम करते हैं और उनकी बेटी ज्योति का भी विदेश आना-जाना लगा रहता है और वह एजेंट का भी काम करती है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी बातों में आकर उसने उनको अपना पासपोर्ट दे दिया व 15 लाख रुपये में ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने की बात हो गई।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को कहा कि 10 लाख रुपये पहले देने होंगे और बाकी के चार लाख रुपये ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद देने होंगे। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने आठ मार्च 2021 को आरोपियों को 10 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने उसे एक सप्ताह में वीजा लगवाने का झांसा दिया। जब एक सप्ताह बाद वीजा नहीं आया तो उसने आरोपियों से बात की। आरोपियों ने कहा कि थोड़ा समय लगेगा। इसके बाद लगभग 20 दिन बाद आरोपियों का उसके पास फोन आया कि कोविड के कारण विदेशी फ्लाइट बंद है।
इसके छह माह बाद आरोपियों ने कहा कि कोरोना के कारण सीधा ऑस्ट्रेलिया का वीजा नहीं लग सकता। उसे दुबई के रास्ते से ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात कही और इसके लिए दो लाख रुपये और मांगे। इसके बाद तीन नवंबर 2021 को उसे दुबई भेज दिया व अपने एक एजेंट के साथ रहने का इंतजाम करवा दिया।
आरोपियों ने उससे अलग-अलग तरह से 13 लाख 35 हजार रुपये ठग लिए। उसे दुबई में करीब छह माह तक रखा। इसके बाद 20 अप्रैल 2022 को घर वालों ने उसे किसी तरह भारत वापस बुला लिया।
जब उसने आरोपियों से रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। प्रवक्ता ने बताया कि उक्त मामले में पहले ही दो अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी अमन भी उक्त वारदात में शामिल था। आरोपी का व्यापक पूछताछ के लिए पांच दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है।