संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश में युवकों को बंधक बनाकर पैसे मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी चमकीगढ़ जिला चंपारण बिहार निवासी सोनू कुमार राय को नोएडा से काबू कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राजौंद थाना के तहत आने वाले एक गांव निवासी व्यक्ति की शिकायत के अनुसार वह अपने बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहता था। साथ ही गांव का एक अन्य युवक भी विदेश जाना चाहता था, जिसके लिए उसने संडील निवासी संदीप से बातचीत की।
संदीप व उसके अन्य साथी रमन, महेश और सोनू ने दोनों युवकों को विदेश भेजने के लिए 24-24 लाख रुपये मांगे। हालांकि युवकों के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद रुपये देने की बात तय हुई थी।
पांच सितंबर को दोनों युवकों को मुंबई भेज दिया व छह सितंबर को मुंबई से इंडोनेशिया भेज दिया। युवकों को वहां पहुंचने के बाद आरोपी रुपये मांगने लगे और युवकों से बातचीत भी नहीं करवाई।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने दोनों युवकों को बंधक बनाकर रखा हुआ है और उन्हें छोड़ने के नाम पर रुपये मांग रहे थे। वे आठ लाख रुपये दे चुके थे। आरोपियों ने युवकों को न तो ऑस्ट्रेलिया भेजा और न ही उन्हें वापस बुलाया। उल्टा दोनों के परिवारों को युवकों की मौत का भय दिखाकर ब्लैकमेल कर रहे थे।
शिकायत के बाद पुलिस ने युवकों को सकुशल रेस्क्यू करवाकर परिजनों के हवाले करके आरोपी एजेंट महेश इंद्र मान को गिरफ्तार किया था। आरोपी सोनू से पूछताछ की जा रही है।