संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। धूप लघु उद्योग के नाम पर 33.84 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी अंकुश नैन निवासी अमरगढ़, जिला जींद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि जनकपुरी कॉलोनी कैथल निवासी प्रवीण कुमार ने शिकायत दी थी कि वह और उसके साथी राजबीर (निवासी छौत) धूप के कप बनाने का काम करते थे।
शिकायत के अनुसार मार्च 2025 में अंकुश नैन उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित कार्यालय पहुंचा और अधिक मात्रा में माल तैयार करने पर ज्यादा मुनाफा देने का प्रस्ताव रखा। आरोपी ने कच्चा माल उपलब्ध कराने, तैयार माल लेने और 50 लाख रुपये सिक्योरिटी जमा करवाने पर काम बंद होने पर राशि वापस करने का भरोसा दिया। उसने प्रति किलो 190 रुपये मजदूरी देने की बात भी कही।
प्रवीण व उसके साथियों ने भरोसा करते हुए 22 अप्रैल से 18 जून के बीच लगभग 33.84 लाख रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद आरोपी ने 10 टन कच्चा माल भेजा, जिसे तैयार कर उन्होंने वापस भेज दिया। मजदूरी मांगने पर आरोपी ने भुगतान को सिक्योरिटी राशि में एडजस्ट बताकर बाद में भुगतान करने की बात कही।
अगले महीने आरोपी ने फिर 7 टन माल भेजा। 26 जुलाई को माल लेने आरोपी के साथी दीपक और विकास आए और मजदूरी व एग्रीमेंट को लेकर प्रवीण को हांसी बुलाया। 28 जुलाई को वे हांसी पहुंचे, जहां आरोपियों ने एग्रीमेंट करने से इन्कार कर दिया और धमकी दी कि राशि नहीं लौटाई जाएगी तथा विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
शिकायत पर थाना सिविल
लाइन में मामला दर्ज किया गया। आरोपी अंकुश नैन को गिरफ्तार कर दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर कराया गया है, ताकि ठगी में शामिल अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।