कैथल। मलिकपुर हेड नहर में 16 अगस्त को डूबने से हुई सीवन निवासी आकाश उर्फ जानी (21) की मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। परिजन इसे हादसा मानने से इन्कार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि आकाश को साजिश के तहत नहर में डुबोकर मारा गया।
इसी मांग के साथ सोमवार को मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण लघु सचिवालय पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह ने लघु सचिवालय के गेट पर परिजनों से बातचीत की और मामले में जल्द व गहन जांच का आश्वासन दिया। परिजनों का कहना है कि आकाश की मौत नहाते समय हुए हादसे में नहीं हुई, बल्कि उसे साजिश के तहत नहर में डुबोकर मारा गया। उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो फुटेज होने का भी दावा किया है।