गांव कैलरम में हीटर लगाकर सोने पर लगी आग से पेंटर की मौत हो गई। जिस कारण परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
कलायत निवासी 48 वर्षीय श्रवण कुमार मकानों में पेंट करने का काम करता था। पिछले चार-पांच दिनों से कैलरम गांव निवासी सुरेंद्र के मकान में लगा हुआ था। शनिवार को ज्यादा सर्दी होने के कारण खाना-खाने के बाद कैलरम गांव में ही मकान के चौबारे में सो गया और ठंड से बचने के लिए कमरे मेें हीटर लगा लिया। चारपाई के नजदीक हीटर होने के कारण रजाई में आग लग गई। इस आग में वह बुरी तरह से झुलस गया। कमरा अंदर से बंद होने के कारण नीचे सो रहे परिवार वालों को इस बारे में पता नहीं चला। कमरे से धुंआ उठने के कारण पड़ोसियों को इस बारे में पता चला तो मकान मालिक और पड़ोसी चौबारे में पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो आग लगी हुई थी। इस हादसे में झुलसने से श्रवण कुमार की मौके पर मौत हो गई। हादसे की जानकारी मृतक के परिवार वालों को दी गई। सूचना मिलने के बाद मृतक का भाई पवन कुमार परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक व्यक्ति का पत्नी से तलाक का केस चलने के कारण वह अपने बड़े भाई के पास रहता था। कलायत पुलिस थाना से मामले के जांच अधिकारी एएसआई सतपाल ने बताया कि पुलिस ने मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।