गांव रामगढ़ पांडवा के पास अज्ञात कार चालक ने एक बाइक सवार 23 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांववासी रामनिवास ने कलायत थाना में शिकायत दी कि 27 अक्टूबर को उसका भतीजा राजबीर बाइक से कलायत में अपनी दुकान पर जा रहा था। सुबह आठ बजे जैसे ही वह रामगढ़ बाईपास को क्रॉस करने लगा तो नरवाना की तरफ की से आ रहे एक अज्ञात कार चालक ने तेजगति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोपी चालक उसके भतीजे को बाइक सहित काफी दूर तक घसीटते ले गया। बाद में गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। इलाज के लिए वे उसे कलायत के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। जांच अधिकारी एचसी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।