गांव टीक के पास कार का संतुलन बिगड़ने से सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उसकी मां, पत्नी व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार अंबाला से किसी धार्मिक कार्यक्रम से घर लौट रहा था। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार कैथल के सुभाष नगर कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय देवेंद्र अपने परिवार के साथ किसी धार्मिक समागम में जाना था। समागम में जाने के लिए देवेंद्र ने अपने किसी दोस्त से कार ली और ड्राइवर लेकर पत्नी अंजू, मां शांता व बेटी प्रियंका के साथ अंबाला में धार्मिक समागम में चला गया।
सोमवार को पूरा परिवार समागम से लौट रहा था, लेकिन टीक गांव के पास पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि कार में आगे की तरफ बैठे देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि अंजू, शांता व प्रियंका को काफी चोटें आई। राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल हुई देवेंद्र की पत्नी अंजू चुघ ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर भारत भूषण कार को तेज गति व लापरवाही से चला रहा था। जिस कारण हादसा हुआ।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर थाना प्रभारी एसएचओ ओमप्रकाश व जांच अधिकारी एएसआई किताब सिंह ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। ड्राइवर भारत भूषण के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।