आयुष्मान योजना को लागू हुए सोमवार को एक साल पूरा हो जाएगा। योजना में काफी खामियां भी हैं। लेकिन काफी लोगों को लाभ भी हुआ है। इसी प्रकार से यह योजना निसिंग के एक परिवार के लिए राहत की योजना साबित हुई। जब परिवार की बुजुर्ग महिला के घुटने का ऑपरेशन पूरी तरह से निशुल्क हो गया।
निसिंग निवासी सोनिया ने बताया कि उसकी मां विद्या देवी को घुटनों में परेशानी थी। वे उसे उसकी कैथल में बहन के यहां ले गए। जहां वे सिग्रस अस्पताल में जांच के लिए चले गए। चिकित्सकों ने वहां उसकी मां की परेशानी को देखते हुए कहा कि घुटनों का ऑपरेशन होगा। इस ऑपरेशन पर लाखों रुपये खर्च होते हैं। लेकिन उनका आयुष्मान कार्ड बना हुआ है। जिस कारण यह ऑपरेशन पूरी तरह से निशुल्क हो गया। उसकी मां का एक घुटना पूरी तरह से बदला गया है। वे पांच दिन तक अस्पताल में रहे। जहां उसकी माता का ऑपरेशन निशुल्क रहा। अब उसकी मां स्वस्थ हैं। यह सब मोदी की आयुष्मान योजना के कारण संभव हो पाया है। जिसके लिए वे उनके आभारी हैं।
उनके परिवार में उसकी मां, उसका भाई, उसके तीन बच्चे व खुद है। सोनिया ने कहा कि उसके भाई भी बेरोजगार हैं और वे दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का गुजारा चला रहे हैं। जिस कारण यह योजना उनके लिए वरदान से कम नहीं है।
योजना के नोडल ऑफिसर डा. संदीप जैन ने कहा कि योजना में काफी संख्या में मरीज ऐसे हैं। जिन्हें इसका लाभ हुआ है। इसमें ऐसे ऑपरेशन हुए हैं। जिनकी लागत निजी अस्पतालों में लाखों रुपये में है। लेकिन योजना के तहत उनका कोई खर्च नहीं होता और उन्हें इसका पूरा लाभ मिल रहा है।