संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आम आदमी पार्टी के शिक्षा विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष मास्टर सतबीर गोयत ने रविवार को कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में मंत्री संदीप सिंह को काले झंडे दिखाएंगे। जब तक जूनियर कोच यौन शोषण मामले में मंत्री संदीप सिंह की पद से बर्खास्तगी और गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक यह काम जारी रहेगा। गोयत अपने सेक्टर 18 में अपने निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी की स्पष्ट मांग है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल, संदीप सिंह को मंत्री पद से तुरंत बर्खास्त करें। जब ये मामला सामने आया था तो सीएम ने क्लीन चिट देते हुए कहा था कि ये अनर्गल बयान है और ये कहा था कि यदि पुलिस जांच में साबित हो गया तो इनको मंत्रिमंडल से निकाल देंगे। अब चार्जशीट फाइल हुई है, इसका मतलब पुलिस ने अपनी कार्रवाई में इन आरोपों को अपनी चार्जशीट में सही पाया है।
उसके लिए सारे सुबूत भी कोर्ट में जमा करवा दिए हैं। अब संदीप सिंह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री संदीप सिंह को स्वतंत्रता दिवस पर भी झंडा फहराने के लिए सरकारी कार्यक्रम में भेजा गया था। इसके अलावा मंत्री संदीप सिंह स्कूलों के कार्यक्रमों में भी जा रहे हैं। स्कूल में ऐसा व्यक्ति जाकर क्या बताएगा, जिस पर खुद महिला से छेड़छाड़ के आरोप हैं और जिसकी चार्जशीट दायर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता बहन बेटी के आत्मसम्मान की रक्षा की लड़ाई लड़ेगा।