कैथल। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उप प्रधान अनुराग ढांडा ने गठबंधन सरकार पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने शुक्रवार को बयान जारी कर सीईटी के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के सीईटी पेपर लीक कांड को युवाओं के बीच लेकर जाएगी। इसके लिए स्वतंत्रता दिवस के बाद अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले तो सीईटी का मामला अदालतों में फंसा रहा। अब जब परीक्षा हुई तो सरकार ने अपने तरीके से पेपर लीक करवा दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले बार-बार पात्रता के मापदंड बदले गए। आरोप लगाते हुए कहा कि परीक्षा हुई तो 41 प्रश्नों का दोहराव करके युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया। उन्होंने सरकार से सीईटी मुख्य परीक्षा को रद्द करके दोबारा परीक्षा करवाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सीईटी पेपर लीक कांड को युवाओं के बीच लेकर जाएगी। इसके लिए प्रदेश के विश्वविद्यालयों का दौरा किया जाएगा। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, एमडीयू, चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी, गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, अंबाला की महर्षि मारकंडेश्वर यूनिवर्सिटी समेत प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में युवाओं के साथ बेरोजगारी पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी 15 अगस्त के बाद सीईटी व बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर पंचकूला स्थित हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के मुख्यालय का घेराव करेगी। यदि सरकार की ओर से जल्द फिर भी समाधान नहीं किया गया तो एचएसएससी मुख्यालय पर ही प्रदेश के युवाओं के साथ पक्का मोर्चा लगाया जाएगा।