फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सप्लाई में भेजा घटिया अनाज तो थैलियों में भरकर डीसी के पास पहुंची आंगनबाड़ी वर्कर्स

विज्ञापन
01-कैथल। अंबेडकर नगर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में कई दिनो से खराब पड़ी चावलव गेहूं की बोरीयां दिखा? - फोटो : Kaithal
विज्ञापन
शहर के करनाल रोड स्थित आंबेडकर नगर के आंगनबाड़ी सेंटरों में खराब और घटिया किस्म का अनाज बच्चों के लिए सप्लाई किया गया। इसके विरोध में कीड़ों से युक्त और खराब अनाज थैलियों में भरकर आठ सेंटरों की आंगनबाड़ी वर्कर्स डीसी के दरबार पहुंच गईं। आंगनबाड़ी वर्करों ने डीसी को अनाज दिखाते हुए कहा कि इस बार विभाग की ओर से सबसे घटिया किस्म का अनाज सेंटरों में पहुंचाया गया है। इसे खाना तो दूर की बात पास जाने पर भी इसमें से बदबू आती है।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को केंद्रों में गेहूं और चावल की सप्लाई भेजी गई थी। जब उन्होंने अनाज के थैले खोलकर देखे तो गेहूं खराब हुआ मिला। चावल के थैलों में कीड़े भरे पड़े थे, उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी, लेकिन वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने उस अनाज को केंद्रों से वापस उठवाने और साफ अनाज केंद्रों में सप्लाई करवाने की मांग की।
खराब अनाज से बढ़ेगा कुपोषण : आंगनबाड़ी वर्कर शकुंतला देवी, सुनीता रानी, मंजू रानी, मिनाक्षी, सुषमा, कमलेश, अमरजीत, अनु व नीलम ने कहा कि एक ओर तो महिला एवं बाल विकास विभाग बच्चों के पोषण की बात करता है, लेकिन उनके लिए केंद्रों में कुपोषित करने वाला अनाज भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब से सेंटरों में खराब राशन आया है, तब से अब तक वे उसे पका भी नहीं सके। साथ ही यह भी कहा कि जब तक साफ अनाज नहीं भेजा जाता वे केंद्रों में खाना नहीं बनाएंगी।
विज्ञापन

अधिकारियों पर भी लगाए धमकाने के आरोप : डीसी के पास शिकायत लेकर पहुंची आंगनबाड़ी वर्करों ने विभाग की महिला अधिकारी पर भी धमकाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब वे शिकायत लेकर विभाग के कार्यालय में गई तो वहां उन्हें वही राशन पकाने के आदेश दिए गए। जब विरोध किया तो उनका एक माह का मानदेय काटने की धमकी दी गई। उन्होंने डीसी से मांग की कि सभी सेंटरों में बढ़िया क्वालिटी का अनाज भिजवाया जाए ताकि वे बच्चों के लिए उसे पका सकें। डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने शिकायत लेकर पहुंची आंगनबाड़ी वर्करों को आश्वासन दिया कि मौके पर अधिकारियों को भेजकर सप्लाई किए गए अनाज की जांच करवाई जाएगी। उसके बाद ही इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
काम के समय बंद मिला सेंटर, इसलिए दी थी चेतावनी : सीडीपीओ कमलेश गर्ग ने कहा कि केंद्रों में कुछ खराब अनाज पहुंच गया था। इस बारे वर्करों को कहा गया था कि जो अनाज खराब है उसे वे एक तरफ रख दें और जो सही है उसे पकाएं। उन्हें यह भी कहा गया था कि खराब अनाज को वापस भेजकर साफ अनाज केंद्रों में पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने केंद्रों का दौरा भी किया था, लेकिन आंगनबाड़ी सेंटर बंद मिला। इस पर वर्करों को चेतावनी दी गई थी कि अगर समयानुसार केंद्र खुला नहीं मिला तो संबंधित वर्कर का मानदेय काटा जाएगा और विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें