सीआईए-टू पुलिस द्वारा सायंकालीन नाकाबंदी के समय एक असामाजिक तत्व को प्वाइंट 32 बोर के अवैध पिस्तौल सहित काबू कर लिया गया। वह चोरीशुदा कैंटर को औने-पौने मूल्य में खरीद कर जालसाजी पूर्वक बोगस आरसी तैयार करवाने के मामले में भी वांछित था। पूछताछ के लिए आरोपी का वीरवार को न्यायालय से एक सितंबर तक 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस पीआरओ ने बताया कि सीआईए-2 पुलिस के एचसी जसमेर सिंह की टीम ने शाम के समय ढांड बाईपास के निकट संदिग्ध पवन कुमार निवासी ठसका जिला सोनीपत को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। गत 6 जुलाई की रात हनुमान खल भंडार के साइड की गली में खड़े खल कट्टों से लदे कैंटर को आरोपी दीपक फ्रांसवाला व अजय निवासी अर्जुन नगर द्वारा चुराने के बाद आरोपी पवन व शिवकुमार ठसका तथा दीपक भैंसवान खुर्द को सस्ते दामों में बेच दिया। आरोपी पवन ठसका द्वारा अपने अन्य साथी की मदद से उक्त चोरीशुदा कैंटर की जाली आरसी तैयार करवा ली। आरोपी पवन ठसका शराब के अवैध कारोबार का धंधा भी करता है। जांच के दौरान सीआईए-टू के एसआई सतपाल सिंह ने आरोपी पवन को कैंटर चोरी व बोगस आरसी तैयार करवाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए आरोपी का वीरवार को न्यायालय से 3 दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।