संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में स्थित आधार सेवा केंद्र पिछले एक साल से बंद पड़ा है। इसके चलते अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों का आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है और परिजनों को मजबूरीवश बाहर स्थित आधार केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ठेका खत्म होने के बाद से यह केंद्र बंद है।
आधार सेवा केंद्र बंद होने से आमजन की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं। पहले यहां प्रतिदिन करीब 100 लोग नए आधार कार्ड बनवाने और पुराने आधार में संशोधन कराने आते थे। आधार की अनिवार्यता को देखते हुए लोग सुबह से ही लाइन में लग जाते थे, लेकिन अब उन्हें अन्य केंद्रों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
आधार कार्ड कार्य ठप होने से बढ़ी परेशानी
कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में आधार से संबंधित कार्य नहीं किए जाते। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) के दिशा-निर्देशों के मुताबिक आधार कार्ड संबंधी कार्य केवल अधिकृत आधार केंद्र पर ही किए जा सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में यह केंद्र खोला गया था ताकि लोगों को सुविधा मिल सके, लेकिन इसके बंद होने से अब लोगों को राहत मिलने के बजाय और अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिक अस्पताल के आधार सेवा केंद्र का ठेका खत्म होने के बाद यह बंद किया गया है। नया ठेका अभी जारी नहीं हुआ है, जिस कारण यह सेवा बाधित है। दिनेश कंसल, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल, कैथल।