संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गढ़ी क्षेत्र के एक युवक से ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी वीजा दिखाकर रकम हड़प ली और बाद में पैसे लौटाने से इन्कार करते हुए पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव गढ़ी पाडला निवासी पवन ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाकर नौकरी करना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अपने परिचित आरिफ के माध्यम से गांव रसूलपुर निवासी प्रभजोत से हुई, जो खुद को विदेश भेजने का एजेंट बताता था।
पवन के अनुसार 10 सितंबर 2025 को हुई मुलाकात में आरोपी ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिलाया और 26 लाख रुपये में सौदा तय किया। इस दौरान आरोपी ने पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने पास रख लिए।
वीजा निकला फर्जी, रुपये लौटाने से इन्कार
समय बीतने के बाद भी जब युवक को विदेश नहीं भेजा गया तो उसे शक हुआ। जांच कराने पर वीजा फर्जी निकला। इसके बाद जब वह अपने रिश्तेदारों के साथ आरोपी के पास पहुंचा तो उसने रुपये लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसे बुरा अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मामले के संबंध में सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पवन की शिकायत पर रसूलपुर निवासी प्रभजोत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।
टिकट व फाइल चार्ज के नाम पर मांगे रुपये
पवन ने बताया कि 25 सितंबर 2025 को आरोपी ने उसे वीजा का प्रिंट आउट दिखाया और टिकट व फाइल चार्ज के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि बाकी रकम विदेश पहुंचने के बाद ली जाएगी। इस पर पवन ने तीन लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और दो लाख रुपये नकद आरोपी के घर उसकी पत्नी और माता की मौजूदगी में दे दिए। बदले में आरोपी ने तीन लाख रुपये का एक चेक भी दिया।
II