कैथल। सेगा गांव में सोमवार सुबह हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे के पास पैदल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बरेली निवासी 22 वर्षीय युवक मुकेश उर्फ संजू की मौत हो गई। तितरम थाने में दी गई शिकायत में संजू के चाचा बरेली निवासी पाती राम ने बताया कि भतीजा संजू कुछ वर्ष पहले कैथल आया था। वह एक ढाबे पर काम करता था। वह सड़क पर घूमने के लिए गया था, जैसे ही वह सेगा के नजदीक पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे संजू की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मुकेश उर्फ संजू की अभी तक शादी नहीं हुई है। परिवार में उसकी एक बहन है। माता-पिता की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। छोटी बहन भी उसके चाचा के पास ही रहती है। तितरम थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। संवाद