कैथल। प्योदा रोड पर अज्ञात वाहन ने बुधवार रात करीब 10 बजे बाइक को टक्कर मार दी। इसमें प्योदा निवासी करीब 38 वर्षीय विक्रम की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अज्ञात वाहन टक्कर के बाद मौके से भाग निकला।
विक्रम रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सर्विंस स्टेशन चलाता था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसके भतीजे जयपाल ने बताया कि विक्रम सर्विस स्टेशन चलाता था। बुधवार देर रात करीब 10 बजे वह काम करने के बाद घर लौट रहा था। उसके पीछे कोई एक अन्य मजदूर भी बैठा था। जब वह प्योदा रोड पर पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
गांव के लोगों ने जैसे ही हादसे को देखा, तो तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को परिजनों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्रम को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
तितरम थाना एसएचओ रामवीर ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।