कैथल। स्वतंत्रता दिवस के दिन जिला कारागार में 27 वर्षीय कैदी सीवन निवासी सन्नी ने शौचालय में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। अवसाद के चलते उसने यह कदम उठाया लिया।
सन्नी वर्ष 2019 में एक मामले में न्यायिक हिरासत में था, लेकिन बाद में कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस ने उसे 12 अगस्त को दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
विज्ञापन
शुक्रवार सुबह उसने जेल के शौचालय में किसी कपड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। मृतक के भाई विक्रम ने बताया कि उनका छोटा भाई 12 अगस्त को जेल भेजा गया था और शुक्रवार को उन्हें उसकी मौत की खबर मिली।
शहर थाना कैथल प्रभारी गीता रानी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में मृतक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।