कैथल/राजौंद। गांव मंडवाल में टोटका कराने और पुलिस को भुक्की (नशीले पदार्थ) की सूचना देने के शक में आरोपियों ने घर में घुस कर ईंटों और राड से हमला कर दिया। इसमें घायल 70 वर्षीय महिला निर्मल कौर की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए सीन ऑफ क्राइम टीम भी पहुंची। टीम ने साक्ष्य जुटा कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
राजौंद पुलिस को दी शिकायत में गांव मंडवाल निवासी शमशेर उर्फ शेरू ने बताया कि वह ट्रक चालक है। 14 जुलाई की सुबह पड़ोसी संदीप उर्फ काली उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगा। उसने आरोप लगाया कि उनके परिवार ने उसके घर पर टोटका कराया है और उसकी गाड़ियों में भुक्की होने की सूचना पुलिस को दी है। उसने बदला लेने की धमकी दी। कुछ देर बाद संदीप की मां रानी मौके पर आई और उसे अपने साथ ले गई। इसके बाद रानी ने उनके लड़के और उसके खिलाफ राजौंद थाने में लड़ाई-झगड़े की शिकायत दी। वहीं उनके पिता चानन सिंह ने भी संदीप उर्फ काली और रानी के खिलाफ शिकायत दी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष थाना राजौंद पहुंचे, जहां पंचायत के हस्तक्षेप से समझौता हो गया।
शिकायत के अनुसार उसी रात करीब नौ बजे शमशेर परिवार के साथ घर के आंगन में खाना खाने के बाद बैठे हुए थे। तभी संदीप उर्फ काली, हरमीत उर्फ मीत, गुरमीत, सिमरू निवासी खेड़ी सरफली और तीन-चार अन्य युवक छत के रास्ते घर में घुस आए। आरोप है कि सभी के हाथों में ईंटें, रोडे, लोहे की रॉड, बरछी और अन्य हथियार थे। घर में घुसते ही आरोपियों ने परिवार पर हमला कर दिया।
ईंट और बरछी के हमले से कई सदस्य घायल
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी संदीप की ओर से फेंकी गई ईंट उसकी मां निर्मल कौर की छाती पर लगी जिससे वह गिर गईं। हरमीत ने उसकी पत्नी के सिर पर ईंट मारी, जबकि सिमरू की ओर से फेंकी गई ईंट उसके सिर पर लगी। बचाव के दौरान संदीप ने बरछी से भी वार किया जिससे वह भी घायल हो गया। हमले में परिवार के अन्य सदस्य भी चोटिल हुए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आरोपियों की ओर से पहुंचाई चोट के कारण उसकी मां की मौत हुई है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत
शिकायतकर्ता ने बताया कि घायल अवस्था में उसकी मां को पहले राजौंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल कैथल रेफर किया गया, जहां से परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
डीएसपी रोहताश ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच जारी है।
मृतक 70 वर्षीय निर्मल कौर। परिजन