संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को सख्त कार्रवाई करते हुए तेज आवाज में गाने बजाते हुए ट्रैक्टर चला रहे चालक पर 21 हजार रुपये का चालान किया। बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रही 6 मोटरसाइकिलों को जब्त भी किया गया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि अंबाला रोड पर एक ट्रैक्टर चालक बड़े-बड़े स्पीकर लगाकर तेज आवाज में गाने बजाते हुए वाहन चला रहा था। सूचना मिलते ही ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को काबू कर लिया।
जांच के दौरान पाया गया कि ट्रैक्टर पर बड़े स्पीकर लगाए गए थे, टायर मॉडिफाइड थे और वाहन पर प्रतिबंधित लाल-नीली लाइट भी लगी हुई थी, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। इसके चलते ट्रैक्टर चालक का 21 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंब प्लेट चल रही 6 बाइकों को भी जब्त कर लिया।
विशेष अभियान में सख्ती : 23 मार्च से 29 मार्च तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान गलत लेन में वाहन चलाने के 44, ध्वनि प्रदूषण के 14, लाल-नीली लाइट के इस्तेमाल के 26 और नशे में वाहन चलाने वाले 22 चालकों के चालान काटे गए।