संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मंगलवार को जल बचाओ, जीवन बचाओ अभियान के अंतर्गत इको क्लब द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में प्रधानाचार्य एवं राज्य पुरस्कार से सम्मानित सुदर्शन शर्मा के प्रेरणादायक संबोधन से हुई।
उन्होंने जल के महत्व और उसकी घटती उपलब्धता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का मूल आधार है और यदि समय रहते जल संरक्षण के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। बाद में प्रधानाचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रैली को विद्यालय प्रांगण से रवाना किया। रैली में छात्र-छात्राओं ने जल ही जीवन है, बूंद-बूंद से सागर बने, आज बचाओ पानी, कल बचेगी ज़िंदगानी जैसे उत्साहवर्धक नारों से आमजन को जल संरक्षण का संदेश दिया।
समापन पर प्रधानाचार्य सुदर्शन शर्मा ने कहा कि ऐसे प्रयास ही सकारात्मक बदलाव लाते हैं। हमें मिलकर जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को प्रोत्साहित करने की बात कही।इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, इको क्लब के सदस्य, छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।