संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सांसद नवीन जिंदल के नेतृत्व में आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों के संदर्भ में नवीन जिंदल फाउंडेशन की टीम और जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल के बीच अहम बैठक हुई। इसमें आयोजन से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, ताकि यह महोत्सव न केवल सफल हो, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बने।
जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और खेलों के माध्यम से उन्हें अनुशासन, एकता और राष्ट्र निर्माण के भाव से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
बैठक में खिलाड़ियों की प्रेरणा व मनोबल बढ़ाने, विजेता खिलाड़ियों को उचित सम्मान और प्रोत्साहन देने, प्रत्येक खेल के लिए समय-सारणी तैयार करने, खेल मैदानों की तैयारी, सुरक्षा व उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही खिलाड़ियों की सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, हर स्थल पर चिकित्सा दल व एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने और निष्पक्षता व अनुशासन की निगरानी प्रणाली पर भी विचार किया गया।
सांसद नवीन जिंदल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सभी खेल स्थलों पर बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है। कोऑर्डिनेटर रोहन मेनन ने बताया कि बैठक में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आयोजन स्थलों की सजावट, वॉलंटियर्स की भर्ती व प्रशिक्षण, आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आपातकालीन योजना पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए ये प्रयास किए जा रहे हैं।