संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नौकरी लगवाने के नाम पर 20 लाख रुपये ठगने के आरोपी बरटा निवासी आरोपी विक्रम सिंह को इकनॉमिक सेल प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार की टीम ने सोमवार को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बरटा निवासी दिनेश की शिकायत के अनुसार वह छोटे भाई को नौकरी दिलवाना चाहता था। इस संदर्भ में उसकी बातचीत बरटा निवासी सेवा सिंह से हुई। सेवा सिंह ने बताया कि उसके हरियाणा कौशल रोजगार में निगम के अधिकारियों से जान पहचान है।
वह उसे व उसके भाई को हरियाणा कौशल रोजगार के तहत नौकरी दिलवा देगा। इसके बाद बाद में सेवा सिंह ने उसे विक्रम, संजीव, नैंसी, जसपाल और गुरमीत कुंडू से मिलाया।
आरोपियों ने नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग तिथियां में उससे 20 लाख रुपये की राशि ले ली और जल्द ही नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। बार-बार आश्वासन के बावजूद जब उसे नौकरी नहीं मिली तो उसने आरोपियों से अपनी राशि वापस लेने की मांग की तो आरोपियों ने राशि देने से इन्कार कर दिया।
शिकायत के आधार पर सदर थाने में यह मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी विक्रम भी वारदात में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है।