कलायत। कलायत क्षेत्र में दिल्ली–कटरा एक्सप्रेसवे के समीप चंडीगढ़–हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती हुई एक क्रेटा कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में गाड़ी से आग के शोले उठने लगे और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि कार सवार सभी लोग समय पर गाड़ी से बाहर निकल गए थे।
कलायत निवासी अंकुर निर्मल ने बताया कि वे कार में सवार होकर जा रहे थे, तभी पीछे से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें गाड़ी से धुआं उठने की सूचना दी। इस पर उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाहन को सड़क के किनारे खड़ा किया और कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
विज्ञापन
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कलायत के दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हालात पर काबू पाया और डीजल टैंक में विस्फोट होने से पहले ही आग को बुझा दिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी बचाव कार्य में पूरा सहयोग किया।
हालांकि आग पर काबू पाने से पहले कार जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी जाम की स्थिति बन गई। थाना प्रबंधक बलबीर सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर यातायात नियंत्रित किया और वाहन चालकों व आम लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। इस दौरान कई लोग वीडियो बनाते भी दिखे।