संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के आरकेएसडी कॉलेज में बीएससी की छात्रा से ठग ने खुद को उसके पिता का दोस्त बताकर 1,07,800 रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने पहले गूगल पे के फर्जी मैसेज भेजकर भरोसा जीता और बाद में स्कैनर के जरिए अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
खाते की जांच करने पर छात्रा को ठगी का खुलासा हुआ, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुभाष नगर, देवीगढ़ रोड निवासी सिमरन ने बताया कि वह आरकेएसडी कॉलेज से बीएससी कर रही है। उसका यूनियन बैंक में खाता है, जबकि उसकी माता रानी देवी का भी उसी बैंक में खाता है। 26 अप्रैल को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को उसके पिता परमजीत का दोस्त मनोज बताया। उसने कहा कि उसके पिता ने 90 हजार रुपये भेजने के लिए कहा है।
सिमरन के अनुसार, उसने उस व्यक्ति से गूगल पे के माध्यम से पैसे भेजने को कहा। इसके बाद आरोपी ने 10 रुपये, 10 हजार रुपये और 20 हजार रुपये के फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज भेजे। फिर उसने कहा कि गलती से 12 हजार की जगह 30 हजार रुपये भेज दिए हैं और 18 हजार रुपये वापस करने को कहा। इस पर सिमरन ने 12,800 रुपये उसके बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
स्कैनर भेजकर झांसे में लिया : पीड़िता ने बताया कि जब उसी नंबर पर आगे ट्रांसफर नहीं हो पाया, तो आरोपी ने आयुष्मान शिवहरे नाम से एक व्हाट्सएप नंबर से क्यूआर स्कैनर भेजा। झांसे में आकर उसने अपने खाते से 27 हजार रुपये और मां के खाते से 48 हजार रुपये गूगल पे से ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने एक और स्कैनर भेजा, जिस पर 20 हजार रुपये और ट्रांसफर कर दिए गए।
बाद में जब सिमरन ने अपने और अपनी मां के खातों की शेष राशि जांची, तो उसे पता चला कि आरोपी ने कोई रकम भेजी ही नहीं थी, बल्कि केवल फर्जी मैसेज के जरिए उसे भ्रमित किया गया था। इस तरह कुल 1,07,800 रुपये की ठगी की गई।
छात्रा ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और साइबर ठगी के इस मामले में आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।