संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोमवार की अलसुबह करीब चार बजे पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। फायरिंग कर युवक की हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी मटौर निवासी संदीप को पुलिस ने गांव फरल के पास मुठभेड़ के दौरान घायल कर काबू कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध हथियार और एक कारतूस बरामद किया है।
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली की चपेट में अाया। गनीमत थी कि वह बुलेटप्रूफ जैकेट पहने थे, जिससे जान बच गई। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की टीम रात के समय पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना शहर क्षेत्र में फायरिंग कर युवक पर हमला करने के मामले में वांछित आरोपी संदीप एक कार में सवार होकर फरल की ओर से पूंडरी की तरफ आएगा। उसके पास अवैध हथियार होने की भी आशंका जताई गई थी और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
गाड़ी पेड़ से टकराई, जवाबी फायरिंग में काबू : सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरल नहर के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद फरल की ओर से आई एक संदिग्ध आई-20 कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगा लिया। पीछा करने पर कार आगे जाकर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद कार में सवार युवक उतरकर भागने लगा
और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली टीम इंचार्ज एसआई मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। बुलेटप्रूफ जैकेट होने से उनकी जान बच गई।
तब पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी की दाएं पैर में लगी। घायल होने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
आरोपी की पहचान मटौर निवासी संदीप, हाल निवासी शुगर मिल कॉलोनी कैथल के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना पूंडरी में पुलिस पर कातिलाना हमला करने की प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
19 फरवरी को युवक पर किया था जानलेवा हमला
डीएसपी ने बताया कि बलराज नगर निवासी अमित की शिकायत के अनुसार, 19 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे हमला किया गया था। अमित साथी राहुल के साथ जखौली अड्डा स्थित ठेके पर गया था। तब संदीप ने कट्टे से फायरिंग कर दी। अमित भागा लेकिन आरोपी और उसके साथियों ने पीछा करते फायर किए। अनाज मंडी गेट के पास एक गोली अमित के दाहिने हाथ में लगी।
घायल अवस्था में वह ट्रक के पास छिप गया था। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी संदीप फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला : वर्ष 2014 में अमित ने अपने साथी राहुल निवासी दयालपुर के साथ मिलकर मटौर निवासी मंदीप की हत्या की थी, जिसका मामला जीआरपी थाना कुरुक्षेत्र में दर्ज हुआ था। हालांकि, वर्ष 2015 में दोनों आरोपी अदालत से बरी हो गए थे। इसी रंजिश के चलते मंदीप के भाई संदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमित पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप के खिलाफ पहले भी एक मारपीट का मामला दर्ज है।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस टीम