संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल के धोबी घाट क्षेत्र से शुक्रवार देर रात नवजात शिशु का शव मिलने के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। शनिवार को चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें पाया गया कि नवजात की दाईं टांग और बाजू कुत्तों द्वारा नौच दी गई थी। इस कारण शव की हालत इतनी क्षत-विक्षत थी कि शिशु का लिंग तक स्पष्ट नहीं हो सका।
पोस्टमार्टम के दौरान शिशु की उम्र लगभग आठ से नौ माह की आंकी गई। फिलहाल विस्तृत रिपोर्ट आना बाकी है। डीएनए जांच के लिए सैंपल सुरक्षित रखा गया है, जिसकी सहायता से पुलिस अब पहचान की दिशा में आगे बढ़ेगी।
इस मामले में अस्पताल के सफाई कर्मचारी गंगाराम (निवासी शक्ति नगर) की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 94 (नवजात के जन्म को छिपाकर शव को नष्ट करने का प्रयास) के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उधर, जीवन रक्षक दल की टीम, संरक्षक राजू डोहर के नेतृत्व में, नवजात के शव का दफन संस्कार करनाल रोड स्थित श्मशान भूमि में शनिवार को कर दिया गया।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले 12 जून को चीका के गांव भागल में भी एक महिला ने नवजात को जन्म देने के बाद हत्या कर दी थी। महिला के पति के विदेश में रहने के दौरान उसके एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात सामने आई थी। उसने दो महिलाओं की मदद से किराए के मकान में डिलीवरी करवाई थी। मामले में पुलिस ने महिला को इलाज के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया िक मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नवजात का पोस्टमार्टम करवाकर डीएनए सैंपल लिया है। आगे की जांच डीएनए रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।