संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के गांव करोड़ा निवासी 27 वर्षीय सुनील की अमेरिका में शनिवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह करीब तीन साल पहले डंकी रूट से अमेरिका गया था और कैलिफोर्निया में रहकर गाड़ी चलाने का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, सुनील ने रात को अपनी मां से बातचीत की और इसके बाद सो गया। उसी दौरान उसके साथ रहने वाले अन्य युवक किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वे लौटे तो सुनील बेड से नीचे पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने बताया कि सुनील मई 2023 में करीब 40 लाख रुपये खर्च कर विदेश गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह कमाई कर आर्थिक स्थिति सुधार करेगा, लेकिन उसकी अचानक मौत से सभी सपने टूट गए। सुनील अविवाहित था। परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई हैं, जबकि पिता का पहले ही निधन हो चुका है। विदेश भेजने के लिए परिवार ने कुछ पैसे
खुद और कुछ कर्ज लेकर जुटाए थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने सरकार से शव को भारत लाने के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है।
परिजनों के अनुसार रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। इसके बाद मंगलवार को हुए पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि सुनील अमेरिका में सेल्फ ड्राइविंग का कार्य करता था। मां से बात करते हुए अचानक उसकी आवाज बंद हो गई थी, जिसे उन्होंने सामान्य समझा, लेकिन बाद में मौत की खबर मिली।