संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थार गाड़ी का 21,500 रुपये का चालान कर उसे इंपाउंड कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल के नेतृत्व में टीम ने करनाल रोड पर चेकिंग के दौरान एक थार गाड़ी को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन में तेज आवाज में बड़े स्पीकर बजाए जा रहे थे। इसके अलावा गाड़ी में मॉडिफाइड टायर, बड़ा साउंड सिस्टम और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। इस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत कुल 21,500 रुपये का चालान किया और वाहन को मौके पर ही इंपाउंड कर लिया।
दूसरी ओर मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले बाइक चालकों पर पुलिस ने 41 हजार रुपये के चालान किए और एक बाइक इंपाउंड की। क्यूआरटी टीम ने चीका व पाडला रोड से दो बाइकों को पकड़ा और दोनों के 10,500-10,500 रुपये के चालान काटे।
उधर, ट्रैफिक पुलिस ने करनाल रोड पर शराब के नशे में बाइक चला रहे एक चालक को काबू कर 20 हजार रुपये का चालान किया। इसके साथ ही उसकी बाइक जब्त कर ली।
209 वाहनों के चालान
ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को अभियान चलाया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर कुल 209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि बिना नंबर प्लेट की 4 बाइकों को इंपाउंड किया गया। कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट के 126 मामले, अवैध पार्किंग के 27, दोपहिया वाहन पर तिहरी सवारी के 28, वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल के 2 और मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसर का 1 चालान शामिल रहा। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष सख्ती बरतते हुए चार बाइकों को मौके पर ही जब्त किया गया।