फर्जी इकरारनामा तैयार कर 2.80 लाख रुपये की ठगी, पूर्व पार्षद समेत दो पर केस दर्ज
संवाद न्यूज, एजेंसी
कैथल। सिविल लाइन पुलिस ने षड्यंत्र के तहत प्लॉट का फर्जी इकरारनामा तैयार कर 2 लाख 80 हजार रुपये हड़पने के आरोप में पूर्व पार्षद गौरव और उसके साथी प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित रतनलाल निवासी बालाजी कॉलोनी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पूर्व पार्षद गौरव को जानता था। गौरव ने उसे कम दाम पर प्लॉट दिलवाने का भरोसा दिलाया। बाद में उसने रतनलाल की मुलाकात प्रदीप से करवाई। दोनों आरोपियों ने जनकपुरी कॉलोनी में 200 वर्ग गज का प्लॉट दिखाया और 15 मार्च 2024 को रतनलाल और विशाल गोयल निवासी नरवाना के नाम से इकरारनामा लिखवा दिया। उसी दिन पीड़ितों ने आरोपियों को 2 लाख 80 हजार रुपये नकद दे दिए।
शिकायत के अनुसार रजिस्ट्री करवाने के लिए तारीख तय करने पर दोनों आरोपी टाल-मटोल करते रहे। जब कोई समाधान नहीं मिला तो पीड़ित ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दी, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर भी कोई हल नहीं निकला। बाद में जांच के दौरान प्लॉट की असल मालिक निर्मला देवी से संपर्क किया गया, तो उसने स्पष्ट बताया कि उसने प्रदीप और गौरव को कोई प्लॉट नहीं बेचा और 11 अक्तूबर 2023 को उनके नाम कोई इकरारनामा भी नहीं किया।
इसके बाद पीड़ितों को पता चला कि पूरा मामला धोखाधड़ी और षड्यंत्र के तहत किया गया है। थाना सिविल लाइन इंचार्ज रामनिवास ने बताया कि आरोपियों गौरव और प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।